HomeBundelkhandझांसी में महिला दिवस पखवाड़े के तहत सम्मान समारोह, उत्कृष्ट सामाजिक कार्य...

झांसी में महिला दिवस पखवाड़े के तहत सम्मान समारोह, उत्कृष्ट सामाजिक कार्य करने वाली महिलाओं का हुआ सम्मान

  • पूजा परिहार

झांसी। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पखवाड़ा के अवसर पर जनपद झांसी स्थित राजकीय संग्रहालय में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रही संस्था हेल्पिंग हैंड्स सेवा संस्थान द्वारा किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सामाजिक कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में सामाजिक संस्था नव प्रभात ‘कृति’ की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूपम अग्रवाल, महासचिव प्रिया अवस्थी तथा अनुशासन प्रभारी सौरभ अवस्थी सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाली महिला सखियों को विशिष्ट सम्मान प्रदान किया गया।

इस अवसर पर नव प्रभात संस्था के पदाधिकारियों ने आयोजक संस्था के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को साधुवाद देते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। साथ ही उन्होंने आमजन से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकालीन मौसम को देखते हुए लोगों को अपने घरों और आसपास औषधीय, फलदार, छायादार एवं हवादार पौधों का रोपण करना चाहिए और उनके वृक्ष बनने तक उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों को भी स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments