झांसी में ‘मिसेज साउथ एशिया यूनिवर्स 2025’ एकता गुप्ता का भव्य स्वागत, बुंदेलखंड वैश्य समाज ने किया सम्मान

- पूजा परिहार
झांसी। बुंदेलखंड वैश्य समाज की ओर से ‘मिसेज साउथ एशिया यूनिवर्स 2025’ का खिताब जीतकर समाज और देश का नाम रोशन करने वाली श्रीमती एकता गुप्ता के झांसी आगमन पर राजकीय संग्रहालय में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बुंदेलखंड गहोई समाज के लोगों और मातृशक्ति में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम की संयोजक एवं भाजपा झांसी की जिला उपाध्यक्ष श्रीमती नीतू गुप्ता उदय लोहारी ने कहा कि एकता गुप्ता ने समाज और राष्ट्र के लिए एक आदर्श स्थापित किया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सौंदर्य प्रतियोगिता में खिताब जीतना कोई छोटी उपलब्धि नहीं है। यह संकल्प से सिद्धि तक की प्रेरणादायक यात्रा है, जो समाज की बेटियों और मातृशक्ति के लिए नए आयाम स्थापित करती है।
इस अवसर पर एकता गुप्ता ने भी उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने और समाज में आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यह नया भारत है और हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए मिलकर कार्य करना होगा। उनके संबोधन का उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया।

बुंदेलखंड क्षेत्र गहोई वैश्य महिला सभा की नवनिर्वाचित अध्यक्ष श्रीमती रजनी गुप्ता ने एकता गुप्ता का अभिनंदन करते हुए कहा कि यह पूरे समाज के लिए गर्व का विषय है कि हमारी बेटी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सौंदर्य का खिताब हासिल किया है। उन्होंने मातृशक्ति को प्रोत्साहित करने के लिए एक प्रेरणादायक कविता भी प्रस्तुत की और कहा कि जब एक बेटी आगे बढ़ती है तो केवल उसका जीवन ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज का भविष्य बदल जाता है।
बुंदेलखंड गहोई महासभा के अध्यक्ष उमेश छिरौलिया ने कहा कि एकता गुप्ता ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में जीत हासिल कर बुंदेलखंड, समाज और देश का नाम गौरवान्वित किया है।
कार्यक्रम के अंत में संयोजक नीतू गुप्ता उदय लोहारी ने सभी अतिथियों और समाज के लोगों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर एकता गुप्ता के पिता एकनाथ गुप्ता, माता ममता गुप्ता, भाई शिवम गुप्ता, भाभी श्रुति गुप्ता और उनके पति दीप जी सहित समाज के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में झांसी पंचायत के पूर्व अध्यक्ष प्रकाश नौगरैया, वर्तमान अध्यक्ष रामप्रकाश नाछौला, बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष उमेश गुप्ता, मंत्री राकेश रावत, प्रदीप सरावगी, नितिन सरावगी, राजू रक्सा, राधेश्याम नीखरा, महिला सभा की अध्यक्ष रजनी गुप्ता, सचिव रजनी सेठ, नवयुवक मंडल के अध्यक्ष रामजी गुप्ता, मंत्री निखिल विश्वारी, प्रदीप गुप्ता, वरिष्ठ समाजसेवी सुमित गुप्ता (दिल्ली) सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक और मातृशक्ति मौजूद रही। कार्यक्रम का संचालन रजनी गुप्ता ने किया।



