थाना रायपुरवा में अर्दली रूम आयोजित, विवेचनाओं की समीक्षा कर दिए निर्देश

लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और अपराधियों पर सख्त निगरानी के निर्देश
- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव द्वारा थाना रायपुरवा परिसर में सभी विवेचकों के साथ अर्दली रूम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सहायक पुलिस आयुक्त, अनवरगंज भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान पुलिस उपायुक्त ने लंबित एवं विचाराधीन विवेचनाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने सभी विवेचकों को निर्देशित किया कि विवेचना कार्य को समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। साथ ही लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण और विवेचना की गुणवत्ता में सुधार पर विशेष जोर दिया गया।
इसके अलावा अपराधियों के नियमित सत्यापन, सतत निगरानी और आवश्यकतानुसार निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और उनके भौतिक सत्यापन को समय-समय पर करने के लिए भी निर्देशित किया गया।
पुलिस उपायुक्त ने वांछित अभियुक्तों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने और लंबित वारंट एवं नोटिसों के प्रभावी तामील पर भी बल दिया, ताकि अपराध नियंत्रण को और अधिक मजबूत बनाया जा सके। इस अर्दली रूम में संबंधित थाना प्रभारीगण भी उपस्थित रहे।



