12 महिला अभियुक्त भी शामिल, अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश जारी
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। पुलिस आयुक्त के निर्देशन में दक्षिण जोन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एडीसीपी दक्षिण, एसीपी घाटमपुर, एसीपी नौबस्ता एवं समस्त पुलिस टीम के संयुक्त प्रयासों से कुल 68 वांछित एवं एनबीडब्ल्यू वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में 12 महिला आरोपी भी शामिल हैं। सभी आरोपियों का चिकित्सीय परीक्षण कराकर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
अभियान के दौरान लंबित वारंटों के सापेक्ष व्यापक स्तर पर दबिश दी गई। पुलिस द्वारा शेष फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर उन्हें अन्य जनपदों में भी भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में मारपीट, दहेज उत्पीड़न, चोरी, एनआई एक्ट एवं गैर इरादतन हत्या जैसे गंभीर मामलों के आरोपी शामिल हैं, जो लंबे समय से न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रहे थे।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेन्द्र नाथ चौधरी के अनुसार, अभियान आगे भी जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


