RTC स्कीम के तहत विशेष निरीक्षण, लेन व्यवस्था व अतिक्रमण पर सख्ती
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। पुलिस उपायुक्त यातायात रविन्द्र कुमार के निर्देशन में सुगम यातायात योजना “Reducing Traffic Congestion (RTC) Scheme” के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत रविवार को नौबस्ता चौराहा पर विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। एडीसीपी यातायात कपिल देव सिंह के नेतृत्व में किए गए इस निरीक्षण में यातायात व्यवस्था को सुचारु और व्यवस्थित बनाने पर जोर दिया गया।
चौराहे पर वाहनों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए रस्सियों के माध्यम से स्पष्ट लेन चिन्हांकन किया गया, जिससे वाहन निर्धारित मार्ग में चल सकें। साथ ही दुकानों के सामने भी सीमांकन कर दुकानदारों से संवाद स्थापित किया गया और उन्हें अतिक्रमण न करने, सड़क पर सामान न रखने तथा ग्राहकों के वाहनों को व्यवस्थित रूप से पार्क कराने के निर्देश दिए गए।
यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए चौराहे पर रूट मार्शल की तैनाती की गई है। साथ ही चोक पॉइंट्स (Choke Points) की पहचान कर उन्हें दूर करने की कार्ययोजना बनाई जा रही है, जिससे यात्रियों के सफर का समय कम किया जा सके।
अभियान के दौरान सख्त प्रवर्तन कार्रवाई भी की गई। अनाधिकृत रूप से खड़े लगभग 60 वाहनों का चालान किया गया। इसके अलावा बिना निर्धारित कलर कोड के चल रहे 123 ऑटो एवं ई-रिक्शा के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 22 अन्य वाहनों पर भी चालान किया गया। इस प्रकार कुल 205 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य चौराहे पर जाम की समस्या को समाप्त करना, यातायात प्रवाह को निर्बाध बनाए रखना और आम नागरिकों के समय की बचत करना है। अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को निर्देश दिए कि निर्धारित रूट व्यवस्था हर समय स्पष्ट और अवरोध मुक्त बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान टीआई दक्षिण जोन समीर जावेद खान, थाना प्रभारी नौबस्ता एवं थाना प्रभारी हनुमंत विहार सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।


