NEWSUttar Pradesh

पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में साइबर संगोष्ठी व ‘मिशन शक्ति’ कार्यशाला आयोजित, छात्रों को किया जागरूक

  • विशाल कुमार

उन्नाव। दिनांक 11 फरवरी 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव जय प्रकाश सिंह के निर्देशन में थाना कोतवाली सदर क्षेत्र स्थित पीएम राजकीय इंटर कॉलेज में साइबर जागरूकता संगोष्ठी एवं ‘मिशन शक्ति’ के अंतर्गत एक व्यापक कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी निरीक्षक रेखा सिंह, परिवार परामर्श केंद्र समिति प्रभारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव, वरिष्ठ सलाहकार डॉ. मनीष सिंह सेंगर तथा साइबर से संबंधित आरक्षी सोनिया शर्मा उपस्थित रहीं।

कार्यशाला के दौरान छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। सभी छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी गई तथा ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए गए। विशेष रूप से विद्यार्थियों को मोबाइल फोन में संदिग्ध ‘.APK’ फाइल डाउनलोड न करने और अनजान लिंक से सतर्क रहने की सलाह दी गई। साथ ही एआई (AI) के माध्यम से हो रहे नए प्रकार के फ्रॉड के बारे में भी जागरूक किया गया।

आरक्षी सोनिया शर्मा ने साइबर अपराधों से होने वाली हानियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। महिला थाना प्रभारी रेखा सिंह ने महिला सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हुए शासन द्वारा संचालित हेल्पलाइन नंबर 181, 1090 एवं 112 की जानकारी दी।

सदर कोतवाल चंद्रकांत मिश्रा ने कहा कि यदि रास्ते में आते-जाते किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न हो तो तत्काल थाना कोतवाली या संबंधित अधिकारियों के सीयूजी नंबर पर सूचना दें, जिससे त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

साइबर वॉलंटियर्स अधिवक्ता भावना, आलोक अवस्थी एवं डॉ. रुपेश ने छात्रों को अनजान नंबर से आने वाली कॉल, ओटीपी साझा न करने और डिजिटल सुरक्षा के अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में जानकारी दी।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. आशीष श्रीवास्तव एवं डॉ. मनीष सेंगर ने किया। उन्होंने साइबर अपराध से जुड़े कई उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक किया।

कॉलेज प्रबंधन की ओर से प्रधानाचार्य परमात्मा शरण, प्रवक्ता विवेक श्रीवास्तव, शिक्षक समीर मिश्रा सहित अन्य शिक्षकों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग दिया और आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button