
- समय टुडे डेस्क।
मथुरा-वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात और दर्शन के लिए अब भक्तों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। आश्रम प्रशासन ने बढ़ती भीड़ और श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए टोकन सिस्टम में बदलाव किया है। अब टोकन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और आसान हो गई है, जिससे भक्त महज दो दिनों में फाइनल टोकन प्राप्त कर सकते हैं।
संत प्रेमानंद महाराज से एकांत वार्तालाप और दर्शन के लिए पहले हजारों की संख्या में भक्त हर रोज़ वृंदावन पहुंचते थे, जिससे टोकन लेने में तीन या उससे अधिक दिन लग जाते थे। पुरानी व्यवस्था में भक्तों को रातभर लाइन में खड़ा रहना पड़ता था, लेकिन अब नई व्यवस्था में सुबह लाइन में लगने के बाद शाम तक ही टोकन पर्ची मिल जाएगी। अगले दिन सुबह 8:15 बजे भक्तों को गौतम ऋषि आश्रम में आकर अपने टोकन दिखाने होंगे, जिसके बाद उन्हें प्रेमानंद महाराज के दर्शन और एकांतिक मुलाकात का फाइनल पास मिल जाएगा।
नई व्यवस्था पूरी तरह ऑफलाइन है, लेकिन श्रद्धालु श्रीहित राधा केली कुंज आश्रम की वेबसाइट से भी ऑनलाइन आवेदन कर टोकन बुक कर सकते हैं। फाइनल टोकन लेने के लिए आश्रम आना आवश्यक है। दर्शन और एकांतिक वार्तालाप पूरी तरह मुफ्त है, इसके लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता।
भक्तों की सुविधा और बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए भविष्य में टोकन प्रणाली को और सरल बनाने की भी योजना बनाई जा रही है। आने वाले समय में शाम के समय ही फाइनल टोकन देने की व्यवस्था लागू होगी, ताकि श्रद्धालु अगले दिन सीधे दर्शन के लिए प्रवेश कर सकें और उन्हें सुबह लाइन में खड़ा होने की आवश्यकता न पड़े। यह नई टू-डे विंडो व्यवस्था बाहरी श्रद्धालुओं के लिए वरदान साबित होगी और ब्रज आने वाले भक्त प्रेमानंद महाराज की एक झलक पाने में आसानी महसूस करेंगे।



