NEWS

बच्चों को पेट के कीड़े की दवा खिलाकर डीएम ने किया राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ

  • दिव्या पाण्डेय

कानपुर नगर। राजकीय बालिका विद्यालय, चुन्नीगंज में मंगलवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का शुभारंभ जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बच्चों को पेट के कीड़े की दवा खिलाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को कृमि संक्रमण से होने वाले दुष्प्रभावों और उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने कहा कि नियमित कृमि मुक्ति से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर होता है और यह अभियान स्वस्थ समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी ने बताया कि यह अभियान जनपद के सभी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के सरकारी, गैर-सरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों में संचालित किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें निर्धारित कार्यक्रम के तहत बच्चों को दवा उपलब्ध करा रही हैं।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमित रस्तोगी ने दवा की खुराक संबंधी जानकारी देते हुए बताया कि 1 से 2 वर्ष तक के बच्चों को आधी गोली पीसकर, 2 से 3 वर्ष तक के बच्चों को एक गोली पीसकर और 3 से 19 वर्ष तक के बच्चों को एक गोली चबाकर दी जाएगी। किसी प्रकार की असुविधा होने पर टोल फ्री नंबर 18001803024 पर संपर्क किया जा सकता है। 10 फरवरी को जो बच्चे दवा लेने से वंचित रह जाएंगे, उन्हें 13 फरवरी को आयोजित मॉपअप राउंड में दवा दी जाएगी।

कार्यक्रम में उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कैलाश चंद्र, प्रधानाचार्य मंगलम गुप्ता, डीसीपीएम योगेंद्र सिंह पाल, डीईआईसी मैनेजर अजीत सिंह, डीपीएम अश्वनी गौतम सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button