NEWSWorld

बार्सिलोना में मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस 2026: ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया भारत पवेलियन का उद्घाटन

  • समय टुडे डेस्क।

बार्सिलोना (स्पेन)। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने स्पेन के बार्सिलोना में आयोजित मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस 2026 में भारत पवेलियन का उद्घाटन किया। यह आयोजन वैश्विक स्तर पर प्रौद्योगिकी और दूरसंचार क्षेत्र के प्रमुख मंचों में से एक माना जाता है।

मीडिया को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि जब दुनिया कनेक्टिविटी के भविष्य पर विचार कर रही है, तब भारत बुद्धिमत्ता और अवसंरचना के ऐसे मोड़ पर खड़ा है, जहां नवाचार समावेशन से जुड़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत का दूरसंचार परिवर्तन स्वदेशी अनुसंधान एवं विकास, विश्वसनीय दूरसंचार पारितंत्र, उत्पादन-आधारित प्रोत्साहन और वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं में गहन एकीकरण पर आधारित है।

सिंधिया ने कहा कि भारत न केवल अपने 1.4 अरब नागरिकों के लिए नेटवर्क बना रहा है, बल्कि विश्व के लिए विश्वसनीय डिजिटल सेतु भी तैयार कर रहा है। उन्होंने “वसुधैव कुटुंबकम्” की भावना का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की कनेक्टिविटी सोच वैश्विक साझेदारी और साझा समृद्धि को बढ़ावा देती है।

इस वर्ष भारत पवेलियन में 40 से अधिक भारतीय दूरसंचार नवोन्मेषकों ने भाग लिया, जो 4G/5G और उभरती 6G तकनीकों, ओपन RAN, ऑप्टिकल व सैटेलाइट संचार, सेमीकंडक्टर डिजाइन, एआई-आधारित नेटवर्क इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा और डिजिटल प्लेटफॉर्म जैसे क्षेत्रों में काम कर रहे हैं। इसे भारत के तेजी से मजबूत हो रहे नवाचार इकोसिस्टम का संकेत माना जा रहा है।

पवेलियन भ्रमण के दौरान मंत्री ने विभिन्न कंपनियों—अनंत सिस्टम्स, एक्सएस इंफोसोल प्राइवेट लिमिटेड, सिग्नलचिप, आरवी सॉल्यूशंस, नियोसॉफ्ट टेक्नोलॉजीज, सेलकॉम, सी-डॉट और जीएक्स इंडिया—के स्टॉल का अवलोकन किया और उनके स्वदेशी तकनीकी समाधानों की सराहना की।

मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस 2026 में भारतीय भागीदारी का समन्वय दूरसंचार उपकरण एवं सेवा निर्यात संवर्धन परिषद (TEPC) द्वारा किया जा रहा है, जिसे संचार मंत्रालय के दूरसंचार विभाग (DoT) का समर्थन प्राप्त है।

Related Articles

Back to top button