बिधनू में लापता नाबालिग का शव मिलने से सनसनी, पुलिस ने एक संदिग्ध को लिया हिरासत में

डायल 112 पर मिली थी गुमशुदगी की सूचना, खेत में मिट्टी से दबा मिला शव; पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटीं
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। बिधनू थाना क्षेत्र में लापता एक नाबालिग युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों द्वारा पहले डायल 112 के माध्यम से युवती के गुम होने की सूचना दी गई थी, जिसके बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
मंगलवार सुबह परिजनों ने सूचना दी कि एक स्थान पर मिट्टी से ढका हुआ शव मिला है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को बाहर निकलवाकर पंचायतनामा की कार्यवाही पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बताया जा रहा है कि इस मामले में पूर्व में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। अब परिजनों ने कुछ लोगों पर संदेह जताया है, जिसके आधार पर पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं अन्य संदिग्धों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) विपिन ताडा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीसीपी दक्षिण के नेतृत्व में पुलिस टीमें लगातार कार्रवाई में जुटी हुई हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले के शीघ्र खुलासे का आश्वासन दिया गया है।



