भाजपा कानपुर उत्तर जिले की नव मतदाता अभियान को लेकर अहम बैठक आयोजित

- दिव्या पाण्डेय
कानपुर नगर। भारतीय जनता पार्टी कानपुर उत्तर जिले द्वारा नव मतदाता अभियान को गति देने के उद्देश्य से जिला कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद आवश्यक है और 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके प्रत्येक युवा का मतदाता सूची में नाम होना चाहिए।
जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने बताया कि संगठन ने प्रत्येक मंडल में 4,000 नए युवा मतदाताओं को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसी क्रम में सभी मंडल अध्यक्षों को 4,000-4,000 मतदाता पंजीकरण फॉर्म-6 वितरित किए गए, ताकि लक्ष्य को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि भाजपा युवा मोर्चा कॉलेजों, महाविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में विशेष पंजीकरण शिविर लगाकर नव मतदाताओं को जोड़ेगा। इस संबंध में 2 जनवरी को युवा मोर्चा की बैठक आयोजित की जाएगी। साथ ही बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करते हुए घर-घर संपर्क अभियान चलाया जाएगा, जिससे कोई भी पात्र युवा मतदाता बनने से वंचित न रह जाए।
अनिल दीक्षित ने कहा, “युवा देश का भविष्य हैं। उनका लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़ना राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक सशक्त कदम है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता इस अभियान को जन आंदोलन के रूप में लेकर चले और अधिक से अधिक युवाओं को मतदाता बनाकर लोकतंत्र को मजबूत करे।”
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों से अभियान की नियमित समीक्षा, प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
बैठक में अवधेश सोनकर, भाजपा मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, युवा मोर्चा अध्यक्ष शिवांग मिश्रा, जन्मेजय सिंह, अभिनव दीक्षित, सतेंद्र पांडेय, आनंद मिश्रा, धीरज बाल्मीकि, प्रमोद विश्वकर्मा, दीपक सिंह, मनु गोयल, अनिरुद्ध सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



