भाजपा कानपुर उत्तर में मतदाता सघन पुनरीक्षण अभियान पर रणनीतिक बैठक आयोजित

- दिव्या पाण्डेय
कानपुर नगर। भारतीय जनता पार्टी, कानपुर उत्तर जिला द्वारा मतदाता सघन पुनरीक्षण अभियान को लेकर सोमवार को नवीन मार्केट स्थित जिला कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने की, जबकि क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे आगामी चुनाव की तैयारी के तहत प्रत्येक बूथ पर निरंतर सक्रिय रहें। उन्होंने कहा, “मतदाता सूची में कोई भी पात्र मतदाता छूटना नहीं चाहिए। इसके लिए बूथ स्तर पर नियमित प्रवास और समीक्षा आवश्यक है।”
उन्होंने यह भी कहा कि जिले में रहने वाले सभी वरिष्ठ नेता अपने-अपने निर्धारित बूथों पर नियमित रूप से पहुंचकर स्थिति का आकलन करें और कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दें।
जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क अभियान को तेज करने और उन सभी पात्र नागरिकों की पहचान कराने का आग्रह किया, जिनका नाम मतदाता सूची में शामिल होना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी चिन्हित मतदाताओं के SIR फॉर्म को बीएलओ के माध्यम से अनिवार्य रूप से भरवाया जाए, ताकि कोई भी पात्र वोटर सूची से न छूटे।
उन्होंने विशेष रूप से सीसामऊ और आर्यनगर विधानसभा क्षेत्रों पर फोकस बढ़ाने के निर्देश दिए। दीक्षित ने बताया कि शहर के कई बड़े अपार्टमेंट ऐसे हैं, जिनमें एक बूथ के बराबर मतदाता निवास करते हैं, इसलिए उन पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
क्षेत्रीय मंत्री और कानपुर उत्तर के प्रवासी सुनील तिवारी ने सभी मंडलों को प्रतिदिन बूथवार रिपोर्ट तैयार कर समय पर क्षेत्रीय कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शक्ति केंद्र पर वरिष्ठ नेताओं की तैनाती सुनिश्चित की जाए, जिससे अभियान की निगरानी और समन्वय प्रभावी ढंग से हो सके।
जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने बताया कि SIR अभियान की मॉनिटरिंग के लिए लगभग 200 वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की टीम तैनात की जाएगी।
बैठक में प्रमुख रूप से उमेश निगम, अवधेश सोनकर, आनंद मिश्रा, अभिनव दीक्षित, संतोष शुक्ला, जन्मेजय सिंह, प्रमोद त्रिपाठी, धीरज बाल्मीकि, विनय पटेल, रंजीता पाठक, सत्यम गुप्ता, सतेंद्र पांडेय, जितेंद्र विश्वकर्मा, मुकेश भाटिया, पूनम कपूर, दीपक सिंह, नवाब सिंह, दीपू ठाकुर, सुनील जायसवाल, देवनाथ मिश्रा, शुभम दीक्षित, चंचल भदौरिया, रमा शंकर अग्रहरि, भानु प्रताप, राम अवतार सेंगर सहित सभी मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी और कई प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।



