वैचारिक मजबूती, बूथ प्रबंधन और डिजिटल सशक्तिकरण पर विशेष फोकस
- प्रतीक कुमार
कानपुर नगर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय महासंपर्क अभियान’ के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का रविवार को भव्य समापन हुआ। मंधना स्थित केडी रिजॉर्ट में आयोजित इस 24 घंटे के गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संगठन की कार्यशैली, डिजिटल रणनीति और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर प्रशिक्षित किया गया।
शिविर के दौरान आयोजित विभिन्न सत्रों में वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा और कार्यपद्धति से अवगत कराया। उद्घाटन सत्र में पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश राय ने ‘वैचारिक अधिष्ठान’ विषय पर मार्गदर्शन दिया। वहीं निवर्तमान जिला मंत्री विनय पटेल ने संगठन की कार्यप्रणाली को विस्तार से समझाया। पूर्व पिछड़ा आयोग सदस्य अरुण पाल ने बूथ प्रबंधन और ‘मन की बात’ जैसे विषयों पर तकनीकी जानकारी साझा की।

दूसरे दिन गोविंदनगर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने सरकार की उपलब्धियों और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर प्रकाश डाला। डिजिटल सत्र में क्षेत्रीय सह-संयोजक (आईटी) हर्ष द्विवेदी ने सोशल मीडिया, नमो ऐप और सरल ऐप के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी। समापन सत्र में जिला महामंत्री अभिनव दीक्षित ने ‘कार्य विस्तार की दृष्टि’ विषय पर कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह का संचार किया।
प्रशिक्षण शिविर में अनुशासन का विशेष ध्यान रखा गया। सत्रों के दौरान मोबाइल फोन के उपयोग पर प्रतिबंध रहा, वहीं योग, प्रार्थना और सामूहिक चर्चा के माध्यम से टीम भावना को मजबूत किया गया।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष (कानपुर उत्तर) अनिल दीक्षित, पनकी मंडल अध्यक्ष डॉ. विजय पटेल, मंडल महामंत्री सियाराम एवं प्रियांक सिंह चौहान सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा केएल कुशवाहा, संदीप तिवारी, अमित तिवारी, पंकज मौर्य, अस्मिता निगम, आशा देवी, शिपली सोनकर, किरन तिवारी, पार्षद आरती, जया श्रीवास्तव, भावना बाजपेई, विनोद पाल, आशीष बाजपेई, कौशलेंद्र सिंह, शालिनी कटियार, अश्विनी पाल, रोहित दुबे समेत सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
मंडल मीडिया प्रभारी तेजस मिश्रा ने बताया कि यह प्रशिक्षण शिविर कार्यकर्ताओं के वैचारिक विकास और संगठन की मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।


