NEWSUttar Pradesh

भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कमिश्नर से की मुलाकात — एकता यात्राओं में सुरक्षा व यातायात व्यवस्था पर हुई चर्चा

  • दिव्या पाण्डेय

कानपुर नगर। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती समारोह अभियान के अंतर्गत कानपुर उत्तर जिले की चारों विधानसभाओं में आयोजित होने वाली एकता यात्राओं (पदयात्राओं) के संदर्भ में भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल आज 12 नवंबर को पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल से मिला।

भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित के नेतृत्व में पहुंचे पदाधिकारियों ने पुलिस कमिश्नर को एक पत्र सौंपा, जिसमें आग्रह किया गया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित लगभग 8 किलोमीटर लंबी यात्राओं के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था की जाए, ताकि यातायात सुचारू रहे और आमजन को कोई असुविधा न हो।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने जानकारी दी कि चारों विधानसभाओं में एकता यात्राओं का आयोजन निम्नानुसार किया जाएगा —

  • सीसामऊ विधानसभा: 14 नवंबर, प्रातः 11 बजे ग्वालटोली चौराहे से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए संगीत टॉकीज चौराहे पर समाप्त होगी।
  • कल्याणपुर विधानसभा: 16 नवंबर, प्रातः 10 बजे पनकी रोड सीएनजी पेट्रोल पंप के पीछे ट्रॉमा सेंटर से शुरू होकर आवास विकास नंबर 3, मेजर चौहान स्मारक पर समाप्त होगी।
  • गोविंद नगर विधानसभा: 17 नवंबर, प्रातः 10 बजे रामलला स्कूल, रावतपुर गांव से प्रारंभ होकर बर्रा 3 डी.ए. मार्केट में समाप्त होगी।
  • आर्यनगर विधानसभा: 20 नवंबर, प्रातः 10 बजे सरस्वती शिशु मंदिर, जी.एन.के. कॉलेज से प्रारंभ होकर बड़ा चौराहा, जी.एन.के. कॉलेज पर समाप्त होगी।

पुलिस कमिश्नर से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से जितेंद्र विश्वकर्मा राजू, अभिनव दीक्षित, शिवांग मिश्रा, आकाश शुक्ला, अनुपम मिश्रा और विनय सिंह पटेल शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button