मिर्जापुर में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल का भव्य स्वागत, महिला सशक्तिकरण पर दिया जोर


अखिल भारतीय महिला शिक्षक संघ एवं उत्तर प्रदेश महिला शिक्षक संघ की ओर से केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उनके मार्गदर्शन को संगठन के लिए ऊर्जा का स्रोत बताया गया।
- रोशनी सिंह
मिर्जापुर। महिला सशक्तिकरण की सशक्त प्रतीक एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल का मिर्जापुर आगमन पर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर महिला शिक्षक संघ की राष्ट्रीय एवं प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुलोचना मौर्य सहित संगठन की कई पदाधिकारी मौजूद रहीं।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि अनुप्रिया पटेल लगातार वंचित, शोषित और उपेक्षित वर्गों के अधिकारों के लिए आवाज उठाती रही हैं। महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके प्रयास सराहनीय और प्रेरणादायक हैं।
डॉ. सुलोचना मौर्य ने अपने संबोधन में कहा कि अनुप्रिया पटेल का सरल, सौम्य और संवेदनशील व्यक्तित्व समाज के लिए एक मिसाल है। उनका नेतृत्व महिलाओं में आत्मविश्वास, स्वाभिमान और अधिकारों के प्रति जागरूकता को लगातार मजबूत कर रहा है।

कार्यक्रम के क्रम में महिला शिक्षक संघ का जिला अधिवेशन एवं सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें डॉ. सुलोचना मौर्य ने सहभागिता की। अधिवेशन के दौरान संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से जनपद एवं ब्लॉक इकाइयों के नवनियुक्त पदाधिकारियों को अधिकार पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मिर्जापुर भी उपस्थित रहे।
इसके साथ ही शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं समर्पित सेवाएं देने वाले सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित किया गया। पूरा कार्यक्रम संगठनात्मक एकता, आपसी सौहार्द एवं शिक्षक सम्मान की भावना से ओत-प्रोत रहा, जिसने उपस्थित सभी लोगों को प्रेरित एवं उत्साहित किया।



