NEWSUttar Pradesh

मिशन शक्ति 5.0: मेधावी छात्रा श्रद्धा दीक्षित बनी एक दिन की DM, संभाली प्रशासनिक जिम्मेदारी

  • प्रियंका द्विवेदी

कानपुर नगर। यूपी के कानपुर में मिशन शक्ति 5.0 के तहत बुधवार को मेधावी छात्रा श्रद्धा दीक्षित को एक दिन के लिए जिलाधिकारी बनाया गया। श्रद्धा दीक्षित ने 2025 की हाईस्कूल परीक्षा में 96.83% अंक प्राप्त कर टॉप किया था। यह अवसर उन्हें उनकी शैक्षिक उपलब्धि के सम्मान में प्रदान किया गया।

एक दिन की जिलाधिकारी के रूप में श्रद्धा ने प्रशासनिक कार्य प्रणाली का अनुभव प्राप्त किया और जनहित से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर कार्रवाई करते हुए अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान का सख्त निर्देश दिया। उनके व्यावहारिक दृष्टिकोण की उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने सराहना की।

श्रद्धा ने कहा, “मैं एक दिन के लिए जिलाधिकारी बनी हूं। यह मेरे लिए गर्व की बात है। डीएम सर का धन्यवाद कि उन्होंने मुझे यह जिम्मेदारी दी। आज मुझे कई जनहित से जुड़ी समस्याएं मिलीं, जिनके समाधान के लिए मैंने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं।”

जनसुनवाई के दौरान, मीरपुर छावनी थाना रेल बाजार की निवासी अनीशा ने भूमि विवाद की शिकायत प्रस्तुत की। श्रद्धा ने संबंधित क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी रेल बाजार को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

दूसरे मामले में, रामनगर दर्शन पुरवा निवासी अरविंद कुमार गुप्ता ने भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की। श्रद्धा ने संबंधित अधिकारियों को तथ्यात्मक जांच कर समस्या के शीघ्र निस्तारण का आदेश दिया।

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत आज श्रद्धा दीक्षित को एक दिन के लिए जिलाधिकारी बनाया गया। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और कहा कि श्रद्धा जैसी प्रतिभाशाली बालिकाएं भविष्य में समाज और शासन की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इस आयोजन का उद्देश्य बालिकाओं में नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें सशक्त नेतृत्व का अनुभव प्रदान करना है।

Related Articles

Back to top button