
अस्पताल में भर्ती मरीज की पत्नी को बनाया शिकार, लूटे गए गहने बरामद
- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। थाना स्वरूपनगर क्षेत्र में मुफ्त इलाज का झांसा देकर जेवरात ठगने वाली एक महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटे गए सभी जेवरात भी बरामद कर लिए हैं।
जानकारी के अनुसार, कार्डियोलॉजी सेंटर में भर्ती एक गंभीर मरीज की पत्नी को आरोपी महिला ने बहला-फुसलाकर अपने झांसे में लिया। उसने पीड़िता को मुफ्त इलाज और जांच (चेकअप/एक्स-रे) कराने का लालच दिया और अस्पताल के भीतर ही उसे अपने साथ ले गई। इसके बाद विश्वास में लेकर उसके सभी जेवर उतरवा लिए और मौके से फरार हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना स्वरूपनगर में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस टीमों ने लगातार प्रयास करते हुए मामले का खुलासा कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान चोरी किए गए सभी गहनों की बरामदगी भी कर ली गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और वह पहले भी इस तरह की घटनाओं में संलिप्त रही है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने जेवरात एक सुनार को बेचे थे। पुलिस ने संबंधित सुनार से पूछताछ की है, जिसमें एक अन्य व्यक्ति का नाम सामने आया है, जिसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि इस घटना के दौरान पीड़िता के पति की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई, जिससे मामला और भी संवेदनशील हो गया। पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।


