लोकसभा में गूंजा कानपुर का मुद्दा: सांसद रमेश अवस्थी ने रैपिड ट्रेन और वंदे भारत की उठाई मांग

- प्रियंका द्विवेदी
नई दिल्ली/कानपुर। कानपुर से भारतीय जनता पार्टी के सांसद रमेश अवस्थी ने लोकसभा में रेलवे बजट पर चर्चा के दौरान क्षेत्र के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि कानपुर जैसे बड़े औद्योगिक और ऐतिहासिक शहर को आधुनिक रेल सुविधाओं से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
सांसद अवस्थी ने विशेष रूप से कानपुर-लखनऊ के बीच रैपिड ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग रखते हुए कहा कि दोनों शहरों के बीच प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आवागमन करते हैं। ऐसे में तेज, सुरक्षित और समयबद्ध परिवहन व्यवस्था के लिए रैपिड ट्रेन बेहद जरूरी है। इससे न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
इसके अलावा उन्होंने कई प्रमुख रूटों पर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि वंदे भारत जैसी आधुनिक और हाई-स्पीड ट्रेनों से कानपुर को जोड़ा जाना चाहिए, जिससे शहर की कनेक्टिविटी राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत हो सके।
सांसद ने पनकी धाम रेलवे स्टेशन के विकास का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह स्टेशन धार्मिक और स्थानीय दृष्टि से महत्वपूर्ण है, लेकिन यहां अभी भी कई बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने स्टेशन के आधुनिकीकरण, बेहतर यात्री सुविधाएं, प्लेटफॉर्म विस्तार और साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र सरकार द्वारा रेलवे क्षेत्र में लगातार सुधार किए जा रहे हैं, लेकिन कानपुर क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विशेष योजनाएं लागू की जानी चाहिए। इससे न केवल स्थानीय जनता को राहत मिलेगी, बल्कि उद्योग, व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
सांसद रमेश अवस्थी ने उम्मीद जताई कि उनकी मांगों पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी और जल्द ही कानपुर को आधुनिक रेल सुविधाओं का लाभ मिलेगा।



