वकीलों का पुलिस के खिलाफ पैदल मार्च, ज्ञापन सौंपा

- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। पुलिस कमिश्नरेट द्वारा वकीलों के खिलाफ कार्रवाई के विरोध में सोमवार को लॉयर्स एसोसिएशन के नेतृत्व में वकीलों ने पैदल मार्च निकाला। शताब्दी गेट से शुरू होकर वकील फूलबाग तक पहुंचे और वहां गांधी प्रतिमा के सामने प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम के प्रतिनिधि को सौंपा।
लॉयर एसोसिएशन के अनुसार, ज्ञापन में पुलिस कमिश्ररेट से मजिस्ट्रेटी शक्तियां वापस लेने और अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू करने की मांग की गई है। मार्च के दौरान वकीलों ने हाथों में तिरंगा लेकर “पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद” और “अधिवक्ता एकता जिंदाबाद” जैसे नारे लगाए। मार्च के चलते शहर के बड़े चौराहे पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक जाम की स्थिति भी बन गई।
इस दौरान बार एसोसिएशन ने इस मार्च का समर्थन नहीं किया, और कचहरी परिसर में वकीलों के बीच फूट डालने की चर्चाएं भी सामने आईं। मार्च में दिनेश चंद्र वर्मा, राजीव यादव, रमाकांत मिश्रा, पुष्करधर द्विवेदी, बुद्ध प्रकाश, अभय गौड़, सुरेंद्र वाजपेई, नरेश चंद्र त्रिपाठी, दिनेश शुक्ला और अनूप द्विवेदी सहित कई वरिष्ठ वकील मौजूद रहे।



