वायु प्रदूषण पर सोनिया गांधी का सरकार पर निशाना: “सरकार की जिम्मेदारी है कि वह इससे निपटने के लिए कुछ करे”

- नेहा पाठक
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में बढ़ते वायु प्रदूषण को लेकर कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-NCR में प्रदूषण का स्तर लगातार बिगड़ रहा है और ऐसे हालात में केंद्र सरकार को तुरंत प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
गुरुवार को कांग्रेस और विपक्षी दलों के सांसदों ने संसद परिसर में वायु प्रदूषण पर चर्चा की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। इसी दौरान सोनिया गांधी ने मीडिया से बातचीत में कहा,
“सरकार की जिम्मेदारी बनती है कि वह कुछ करे। दमा से पीड़ित छोटे-छोटे बच्चे सांस नहीं ले पा रहे हैं। मेरे जैसे बहुत से बुजुर्गों के लिए भी स्थिति बेहद मुश्किल है।”
उन्होंने कहा कि हर साल सर्दियों के मौसम में प्रदूषण का संकट गहराता है, लेकिन इसे रोकने के लिए ठोस तैयारी नहीं की जाती।
वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने भी प्रदूषण के मुद्दे पर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज किया। प्रियंका गांधी ने कहा,
“किस मौसम का मजा लें? बाहर देखें कि क्या स्थिति है। छोटे-छोटे बच्चे सांस नहीं ले पा रहे, जैसा सोनिया जी ने भी कहा। हर साल हालात बिगड़ रहे हैं, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया जाता।”
उन्होंने जोर देकर कहा कि देश की जनता को इस गंभीर संकट से राहत दिलाने के लिए अब त्वरित और मजबूत कदम उठाने की जरूरत है।



