विक्रमोत्सव 2026: अवॉर्ड हॉल में नाट्य प्रस्तुति ने बांधा समां, गूंजा उल्लास

- अमन कुमार
दतिया। कलेक्ट्रेट स्थित अवॉर्ड हॉल में विक्रमोत्सव 2026 के अंतर्गत भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सम्राट विक्रमादित्य के जीवन पर आधारित नाट्य प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। भोपाल नाट्य संस्थान से आए कलाकारों ने अपनी प्रभावशाली अभिनय शैली से सम्राट विक्रमादित्य के जीवन की प्रेरणादायक कथाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा और पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

इस अवसर पर कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने कलाकारों की उत्कृष्ट प्रस्तुति की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध परंपरा और गौरवशाली इतिहास को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी कलाकारों को बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं।
कार्यक्रम के अंत में कलेक्टर ने जिलेवासियों को विक्रम संवत्सर, गुड़ी पड़वा और चैत्र नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए आयोजन से जुड़े सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अक्षय कुमार तेम्रवाल, अपर कलेक्टर महेंद्र कवचे सहित अन्य अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।



