NEWSUttar Pradesh

विजयनगर चौराहे पर सघन चेकिंग अभियान, नियम तोड़ने वाली बसों पर कार्रवाई

  • अंकित बाजपेई

कानपुर नगर। 23 मार्च 2026 को पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार के निर्देशन में एआरटीओ एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने विजयनगर चौराहे पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य शहर में संचालित प्राइवेट बसों की जांच कर यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना रहा।

इस दौरान प्राइवेट बसों की सघन जांच की गई, जिसमें वाहन संबंधी दस्तावेज, परमिट, फिटनेस, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस और ओवरलोडिंग की जांच की गई। साथ ही स्टेज कैरिज और कॉन्ट्रैक्ट कैरिज वाहनों की वैधता पर विशेष ध्यान दिया गया। टीम ने यह सुनिश्चित किया कि स्टेज कैरिज वाहन केवल निर्धारित मार्ग और स्टॉपेज पर ही सवारियां लें-उतारें, जबकि कॉन्ट्रैक्ट कैरिज वाहन अनुबंध के अनुसार ही संचालित हों और बीच रास्ते सवारी न बैठाएं।

चेकिंग के दौरान कई बसों में अनियमितताएं सामने आईं, जिनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान सहित अन्य विधिक कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान वाहन चालकों को ‘हाईवे हिप्नोसिस’ के खतरे के प्रति भी जागरूक किया गया। उन्हें सलाह दी गई कि लंबी दूरी की ड्राइविंग के दौरान नियमित अंतराल पर विश्राम करें, पर्याप्त नींद लेकर ही वाहन चलाएं और थकान या उनींदापन महसूस होने पर तुरंत वाहन रोक दें। साथ ही लंबी दूरी की बसों में दो या तीन चालकों की व्यवस्था रखने की भी हिदायत दी गई, ताकि थकान से होने वाली दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

यातायात पुलिस ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देना, लोगों में नियमों के प्रति जागरूकता फैलाना और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है। आमजन और वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और सुरक्षित व जिम्मेदार ड्राइविंग करें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

Related Articles

Back to top button