
केक सेरेमनी, चिकित्सा संगोष्ठी और पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण, कई चिकित्सकों को किया गया सम्मानित
- पूजा परिहार
झांसी। विश्व होम्योपैथी दिवस के उपलक्ष्य में इण्डियन इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (आई.आई.एम.ए.), झांसी की सत्र 2026-27 हेतु नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह, केक सेरेमनी एवं चिकित्सा संगोष्ठी का आयोजन डॉ. देवेन्द्र पटसारिया की अध्यक्षता में एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुधाकर पाण्डेय के मुख्य आतिथ्य में तथा अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.के. जैन के विशिष्ट आतिथ्य में स्थानीय होटल में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ अतिथियों द्वारा भगवान गणेश जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुधाकर पाण्डेय, आई.आई.एम.ए. उत्तर प्रदेश महासचिव डॉ. अनुपम सिंह, मुख्य वक्ता डॉ. नरेन्द्र कुमार जैन, डॉ. व्योम शरण साहू एवं संरक्षक डॉ. के.के. साहू उपस्थित रहे।
इसके पश्चात नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई, जिसमें अध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र पटसारिया, उपाध्यक्ष डॉ. रीमा सोनकर, सचिव डॉ. राजेन्द्र सोनी, कोषाध्यक्ष डॉ. रंजीत सिंह बघेल, विमेंस फोरम अध्यक्ष डॉ. बृशाली यादव, विमेंस फोरम सचिव डॉ. मोनिका मिश्रा, संरक्षक डॉ. बी.डी. मोदी एवं डॉ. बी.एस. साहू, संयुक्त सचिव, क्लीनिकल, कल्चरल, स्पोर्ट्स, ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।

कार्यक्रम में स्टेट काउंसिल एवं सेंट्रल काउंसिल के सदस्यों को भी उनके संगठनात्मक योगदान हेतु बधाई दी गई। साथ ही सभी पदाधिकारियों को संगठन की गरिमा बनाए रखने एवं निष्ठा से कार्य करने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.के. जैन ने डॉ. सैमुअल हैनीमैन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर एवं केक काटकर सभी को विश्व होम्योपैथी दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में सत्र 2025-26 के उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया गया। चिकित्सा संगोष्ठी में विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न रोगों एवं उनके उपचार पर विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. विक्रम आनन्द एवं डॉ. अर्पित कुमार ने संयुक्त रूप से किया, जबकि डॉ. संजीव गुप्ता ने सभी अतिथियों एवं चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में अनेक वरिष्ठ चिकित्सक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


