NEWS

शंकराचार्य केस में बढ़ा घमासान: आशुतोष ब्रह्मचारी पर नए आरोप, प्रेमानंद महाराज का भी जिक्र

  • समय टुडे डेस्क।

शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज होने के बाद विवाद लगातार गहराता जा रहा है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण के मुख्य याचिकाकर्ता दिनेश फलाहारी महाराज ने एफआईआर दर्ज कराने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं और पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग की है।

फलाहारी महाराज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर कहा है कि यदि इस प्रकरण की सीबीआई जांच नहीं कराई गई तो वह इच्छा मृत्यु की मांग करेंगे। उनका आरोप है कि आशुतोष ब्रह्मचारी एक हिस्ट्रीशीटर है और उसने शंकराचार्य को फंसाने के उद्देश्य से साजिश रची है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि संबंधित व्यक्ति पहले वृंदावन के कथावाचक प्रेमानंद महाराज पर भी धन ऐंठने के उद्देश्य से आरोप लगा चुका है। फलाहारी महाराज के अनुसार, आशुतोष ब्रह्मचारी स्वयं पर हमले का नाटक कर सुरक्षा प्राप्त करने की कोशिश कर चुका है और उस पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

फलाहारी महाराज ने कहा कि शंकराचार्य निर्दोष हैं और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच जरूरी है। साथ ही उन्होंने आशुतोष ब्रह्मचारी के खिलाफ दर्ज मामलों की भी सीबीआई से जांच कराने की मांग उठाई है।

गौरतलब है कि आशुतोष ब्रह्मचारी ने प्रयागराज में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। इस मामले को लेकर अब धार्मिक और राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।

Related Articles

Back to top button