सर्दियों में गरम या ठंडा पानी—नहाने के लिए कौन-सा बेहतर है? जानिए विशेषज्ञों की राय

- समय टुडे डेस्क।
सर्दियों की सुबहें अपने साथ एक बड़ा सवाल लेकर आती हैं — “नहाना है भी या नहीं?” और अगर हिम्मत करके नहाने का फैसला ले भी लिया जाए, तो अगला सवाल सामने होता है — “गरम पानी या ठंडा पानी?”
कई लोग मानते हैं कि ठंड में गरम पानी से नहाना सुकूनदायक होता है — यह शरीर को आराम देता है, थकान दूर करता है और ठंड से बचाव करता है।
लेकिन कुछ विशेषज्ञों का कहना है कि बहुत ज्यादा गरम पानी त्वचा और बालों को नुकसान पहुंचा सकता है, क्योंकि यह स्किन की प्राकृतिक तेल परत को खत्म कर देता है।
तो आखिर सही क्या है? आइए जानें विशेषज्ञों की राय —
क्या कहती है रिसर्च?
इंटरनेशनल जर्नल ऑफ साइंटिफिक रिसर्च एंड इंजीनियरिंग डेवलपमेंट (2022) की एक रिपोर्ट के अनुसार, त्वचा की बाहरी सतह पर मौजूद केराटिन सेल्स को बहुत गरम पानी से नहाने पर नुकसान पहुंच सकता है। इससे एग्ज़िमा जैसी स्किन समस्याएं बढ़ने का खतरा रहता है।
विशेषज्ञों की सलाह
अपोलो हॉस्पिटल के त्वचा विशेषज्ञ डॉ. डी.एम. महाजन का कहना है कि
“ठंड के मौसम में पानी गर्म होना चाहिए, लेकिन इतना भी नहीं कि त्वचा जलन महसूस करे। बहुत गरम पानी त्वचा की प्राकृतिक ऑयल लेयर को नुकसान पहुंचाता है।”
वहीं नोएडा के कैलाश हॉस्पिटल की सीनियर डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. अंजू झा कहती हैं,
“ठंड में गुनगुने पानी से नहाना ठीक है, लेकिन बहुत गर्म पानी से स्किन पर ड्राइनेस यानी ज़ेरोसिस हो सकती है।”
त्वचा की प्राकृतिक सुरक्षा परत क्यों ज़रूरी है?
त्वचा की ऊपरी परत पर सेबम और लिपिड्स की एक तैलीय लेयर होती है, जो स्किन को धूल, बैक्टीरिया और संक्रमण से बचाती है। बहुत गर्म पानी इस परत को हटा देता है, जिससे त्वचा रूखी हो जाती है और खुजली या जलन जैसी दिक्कतें शुरू हो सकती हैं।
निष्कर्ष
विशेषज्ञों के अनुसार, सर्दियों में गुनगुना पानी सबसे सुरक्षित विकल्प है।
यह शरीर को ठंड से भी बचाता है और त्वचा की नमी को भी बरकरार रखता है।
स्नान के बाद हल्का मॉइस्चराइज़र लगाना स्किन को और बेहतर सुरक्षा प्रदान करता है।
हेल्थ टिप:
नहाने के तुरंत बाद तौलिए से रगड़ने के बजाय हल्के हाथों से पानी सुखाएँ और मॉइस्चराइज़र लगाना न भूलें — यह सर्दियों की स्किन के लिए सबसे असरदार उपाय है।



