NEWSUttar Pradesh

सेन्ट्रल जोन में अपराध समीक्षा बैठक, लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण व अपराधियों पर सख्ती के निर्देश

  • ऋषभ कुमार

कानपुर नगर। 21 फरवरी 2026 को सेन्ट्रल जोन कार्यालय में पुलिस उपायुक्त सेन्ट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस आयुक्त सेन्ट्रल अर्चना सिंह, अपर पुलिस उपायुक्त/सहायक पुलिस आयुक्त स्वरूपनगर सुमित सुधाकर रामटेके, सहायक पुलिस आयुक्त कर्नलगंज अमित चौरसिया, सहायक पुलिस आयुक्त अनवरगंज अभिषेक राहुल सहित सेन्ट्रल जोन के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

गोष्ठी के दौरान अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई तथा कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।

अधिकारियों को लंबित विवेचनाओं, प्रार्थना पत्रों और शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी तेज करने, हिस्ट्रीशीटर व टॉप-10 अपराधियों की सतत निगरानी रखने और उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई चलाने को कहा गया।

बैठक में महिला एवं बाल अपराधों, संपत्ति संबंधी अपराधों—जैसे चोरी, लूट, डकैती और वाहन चोरी—तथा साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए ठोस रणनीति बनाकर कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। रात्रि गश्त, पैदल गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन चेकिंग को और प्रभावी बनाने के भी निर्देश दिए गए।

आगामी त्योहार ईद, होलिका दहन और होली के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने, संवेदनशील व अति संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, मिश्रित आबादी वाले इलाकों में भ्रमणशील गश्त बढ़ाने, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और शांति समिति की बैठकों के माध्यम से सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।

इसके अलावा अवैध शराब, मादक पदार्थ, जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। बीट पुलिसिंग को मजबूत कर आमजन से संवाद बढ़ाने, जनसुनवाई को प्रभावी बनाने और स्थानीय स्तर पर विश्वास निर्माण की दिशा में कार्यवाही सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

Related Articles

Back to top button