सोशल रिसर्च फाउंडेशन में ‘बदलता समाज और महिलाओं की भूमिका’ पर राष्ट्रीय संगोष्ठी, होली मिलन व सम्मान समारोह आयोजित

- दिव्या पाण्डेय
कानपुर नगर। किदवई नगर स्थित सोशल रिसर्च फाउंडेशन द्वारा 11 मार्च 2026 को होली मिलन समारोह एवं 8 मार्च को मनाए गए अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय “बदलता समाज और महिलाओं की भूमिका” रहा, जिसमें समाज में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और उनकी भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की सदस्य अनीता गुप्ता रहीं। उन्होंने अपने संबोधन में महिलाओं के सशक्तिकरण, शिक्षा और सामाजिक भागीदारी के महत्व पर प्रकाश डाला तथा कहा कि बदलते समय में महिलाएं हर क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर रही हैं।
संगोष्ठी के उपरांत होली मिलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही काव्य गोष्ठी भी आयोजित की गई।
काव्य गोष्ठी का संचालन डॉ. राजीव मिश्रा ने किया। इस दौरान श्रीमती कुसुम सिंह अविचल, श्रीमती अन्नपूर्णा बाजपेई, डॉ. आदित्य अजीब कटियार, एडवोकेट मनीष रंजन त्रिपाठी, श्रीमती उमा विश्वकर्मा सहित शहर की कई कवयित्रियों और बाहर से आए कवियों-कवयित्रियों ने अपनी रचनाओं की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साहित्यकारों, समाजसेवियों और शहर के गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।



