पुलिस मुख्यालय में अंतर्राष्ट्रीय महिला क्रिकेटर दीप्ति शर्मा का सम्मान

- शालिनी शर्मा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय में अंतर्राष्ट्रीय महिला क्रिकेटर और पुलिस उपाधीक्षक दीप्ति शर्मा का सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जो कि पूरे उत्तर प्रदेश पुलिस परिवार के लिए एक गौरवपूर्ण अवसर साबित हुआ।

कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण ने दीप्ति शर्मा के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा, “दीप्ति की अनुशासन, प्रतिबद्धता और विश्वस्तरीय उपलब्धियाँ प्रत्येक पुलिसकर्मी और प्रदेश की प्रत्येक बेटी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।”
कार्यक्रम के दौरान आईजी स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने दीप्ति के करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धियों का विस्तृत वर्णन किया। उन्होंने दीप्ति के आरंभिक संघर्ष, निर्णायक मैचों में प्रदर्शन, और विश्व कप जीत में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला, जिससे पूरा सभागार उत्साह से भर गया।

दीप्ति ने अपने उद्बोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की स्पोर्ट्स कोटा नीति और खेल-प्रोत्साहन नीतियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया, जिन्होंने न केवल उन्हें मौके दिए, बल्कि वर्दी में सेवा का सम्मान भी प्रदान किया।
सबसे भावुक क्षण तब आया जब पुलिस मॉडर्न स्कूल के बच्चों ने उनसे उत्साहपूर्ण प्रश्न पूछे। दीप्ति के सहज, स्नेहपूर्ण और प्रेरक उत्तरों ने बच्चों के चेहरों पर नई ऊर्जा भर दी। ऐसा लगा जैसे एक विश्व चैंपियन अपने अनुभवों से भविष्य की पीढ़ी को दिशा दे रही हो।
इस समारोह ने न केवल दीप्ति के खेल के प्रति समर्पण को सम्मानित किया, बल्कि हर महिला और पुलिसकर्मी के लिए यह एक प्रेरणा का स्रोत बना कि कैसे कठिनाईयों के बावजूद सफलता हासिल की जा सकती है।



