NEWS

अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय पुस्तक महोत्सव 2025 में भारतीय डाक विभाग का स्टॉल आकर्षण का केंद्र फिलेटली

माई स्टैम्प और पुस्तक प्रेषण सेवाओं ने खींचा आगंतुकों का ध्यान

  • रोशनी सिंह

अहमदाबाद। 13 से 23 नवंबर 2025 तक आयोजित अहमदाबाद अंतरराष्ट्रीय पुस्तक महोत्सव ज्ञान, साहित्य और संस्कृति का अनूठा संगम बना हुआ है। महोत्सव में जहाँ पुस्तकप्रेमी नई जानकारियों से रूबरू हो रहे हैं, वहीं भारतीय डाक विभाग का स्टॉल (नंबर 95) लोगों के आकर्षण का केंद्र बना है। डाक टिकटों के माध्यम से आगंतुक भारत की कला, विरासत, इतिहास और सांस्कृतिक विविधता को करीब से देख रहे हैं।

भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के अधीन नेशनल बुक ट्रस्ट और अहमदाबाद नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने स्टॉल का अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि स्टॉल पर पार्सल, स्पीड पोस्ट, ज्ञान पोस्ट, पार्सल पैकेजिंग सर्विस, फिलेटली, माई स्टैम्प, गंगाजल बिक्री, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की डिजिटल बैंकिंग, डाकघर बचत योजनाएँ और डाक जीवन बीमा सहित अनेक सेवाएँ उपलब्ध हैं।
पुस्तक प्रेमी और प्रकाशक यहां से देश-विदेश में कहीं भी अपनी पुस्तकें भेज सकते हैं।

पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि पुस्तक महोत्सव सिर्फ पढ़ने की रुचि नहीं बढ़ाता बल्कि पाठकों, लेखकों और प्रकाशकों को संवाद और सहयोग का बड़ा मंच प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि डाक विभाग का स्टॉल फिलेटली प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण बना है, जहाँ वे विभिन्न थीम आधारित डाक टिकटों के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक विरासत को समझ सकते हैं।
गुजरात पर आधारित ‘माई स्टैम्प’ सीरीज़—जिसमें गाँधी आश्रम, साबरमती के महात्मा गांधी, पतंग उत्सव और डांडिया नृत्य जैसी थीम शामिल हैं—आगंतुकों का विशेष ध्यान खींच रही है। बच्चों और युवाओं के लिए ये अनुभव अत्यंत ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक सिद्ध हो रहा है।

अहमदाबाद मंडल के प्रवर अधीक्षक डाकघर शिशिर कुमार ने बताया कि महोत्सव में मौजूद आगंतुक डाक विभाग के स्टॉल से ही अपनी पसंदीदा पुस्तकों को अपने प्रियजनों तक भेजने का आनंद उठा रहे हैं। स्टॉल पर विशेष आवरण, रामायण डाक टिकट, श्री राम जन्मभूमि पर आधारित खुशबूदार टिकट सेट, खादी पोस्टकार्ड, सौराष्ट्र-कच्छ पिक्चर पोस्टकार्ड, ओलंपिक थीम वाले टिकट, वर्णमाला फिलेटली पुस्तकें, कॉफी मग, टी-शर्ट सहित कई फिलेटलिक उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं।

डाक विभाग मात्र ₹300 में 12 डाक टिकटों की ‘माई स्टैम्प’ शीट तैयार करता है, जो जन्मदिन, विवाह वर्षगाँठ, रिटायरमेंट या किसी भी विशेष अवसर के लिए एक अनूठा स्मृति-उपहार बन जाती है। स्टॉल पर उपस्थित बच्चे लेटर बॉक्स के माध्यम से अपने अनुभवों से भरे पत्र भी भेज रहे हैं, जिससे पुस्तक महोत्सव का सांस्कृतिक वातावरण और भी जीवंत हो उठा है।

Related Articles

Back to top button