कानपुर पुलिस आयुक्तालय में निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर, 205 कर्मियों की हुई जांच

- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। पुलिस आयुक्त कार्यालय में 24 नवंबर 2025 को पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के स्वास्थ्य संरक्षण के उद्देश्य से निःशुल्क नेत्र रोग परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर का संचालन कनिका अस्पताल के वरिष्ठ नेत्र विशेषज्ञों की टीम ने किया, जिन्होंने आधुनिक उपकरणों की सहायता से विस्तृत नेत्र जांच प्रदान की।

शिविर के दौरान पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल स्वयं मौजूद रहे। उन्होंने नेत्र परीक्षण कराकर पुलिस बल के बीच स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और नियमित जांच के महत्व का संदेश दिया। आयुक्त ने चिकित्सक दल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन पुलिस कर्मियों के स्वास्थ्य और कार्यक्षमता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

पूरे दिन चले इस शिविर में कुल 205 पुलिस कर्मियों ने अपनी नेत्र जांच कराई। कई कर्मियों ने बताया कि विभाग द्वारा समय-समय पर आयोजित ऐसे स्वास्थ्य कार्यक्रम उन्हें अपने व्यस्त दैनंदिन कर्तव्यों के बीच स्वास्थ्य पर ध्यान देने का अवसर प्रदान करते हैं।
कर्मियों के कल्याण और स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आयोजित यह निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर पुलिस विभाग की जनहितकारी और कल्याणकारी पहलों का प्रभावी उदाहरण माना गया।



