पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल का निधन, लंबे समय से थे बीमार—कानपुर में ली अंतिम सांस

सीएम योगी ने पोस्ट करते हुए कहा, पूर्व केंद्रीय मंत्री, वरिष्ठ राजनेता श्री श्रीप्रकाश जायसवाल जी का निधन अत्यंत दुःखद है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें
- प्रियंका द्विवेदी
कानपुर नगर। कानपुर के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल का शुक्रवार को निधन हो गया। वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और इलाज के दौरान उनकी हालत अचानक बिगड़ गई। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने अंतिम सांस ले ली। कार्डियोलॉजी अस्पताल के निदेशक डॉ. राकेश वर्मा ने उनके निधन की पुष्टि की।
CM योगी ने व्यक्त किया शोक
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म X पर पोस्ट करते हुए उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि श्री श्रीप्रकाश जायसवाल का जाना बेहद दुखद है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
लंबा और प्रभावशाली रहा राजनीतिक सफर
25 सितंबर 1944 को कानपुर में जन्मे श्रीप्रकाश जायसवाल ने राजनीति में लंबा सफर तय किया।
- वे 1999, 2004 और 2009 में लगातार तीन बार कानपुर से लोकसभा सांसद चुने गए।
- UPA सरकार में जनवरी 2011 से मई 2014 तक वे कोयला मंत्री रहे।
- इससे पहले उन्होंने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के रूप में भी कार्य किया।
- प्रदेश राजनीति में भी वे सक्रिय रहे और दिसंबर 2000 से जुलाई 2002 तक उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रहे।
श्रीप्रकाश जायसवाल को एक अनुभवी, सरल और जमीनी नेता के रूप में जाना जाता था। उनके निधन से राजनीतिक जगत में शोक की लहर है।



