मिशन शक्ति फेज-5 के तहत थाना शिवराजपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। आज दिनांक 17 दिसंबर 2025 को थाना शिवराजपुर, कमिश्नरेट कानपुर नगर में मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत एंटी रोमियो टीम द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के तहत थाना क्षेत्र के नौरंगाबाद गांव स्थित स्कूल में छात्राओं को नारी सुरक्षा एवं नारी स्वावलंबन के विषय में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान बच्चियों को महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबर 1090, 1076, 1098, 112 एवं 181 की जानकारी दी गई तथा आवश्यकता पड़ने पर इन नंबरों का तत्काल उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही यूपीसीओपी (UPCOP) ऐप के माध्यम से उपलब्ध जन सुविधाओं की जानकारी भी दी गई।
एंटी रोमियो टीम द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, ट्विटर, फेसबुक एवं इंस्टाग्राम के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग के बारे में भी जागरूक किया गया। साथ ही महिला सशक्तिकरण अभियान एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं, जिनमें सामूहिक विवाह योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना शामिल हैं, के बारे में विस्तार से बताया गया।
इसके अतिरिक्त कार्य स्थल पर यौन उत्पीड़न से संरक्षण अधिनियम एवं घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण का आश्वासन भी दिया गया।



