मतदाता सूची में नाम कटने के आरोप पर सपा का धरना, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

- राकेश गुप्ता
बांदा। समाजवादी पार्टी ने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान कथित अनियमितताओं को लेकर नरैनी तहसील में धरना-प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष डॉ. मधुसूदन कुशवाहा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी नरैनी को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए प्रारूप-7 के दुरुपयोग का आरोप लगाया।
सपा नेताओं का आरोप है कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के द्वितीय चरण में कुछ भाजपा नेताओं और अधिकारियों/कर्मचारियों के कथित गठजोड़ से प्रारूप-7 का गलत इस्तेमाल कर मतदाताओं के नाम सूची से काटे जा रहे हैं। पार्टी की ओर से ज्ञापन के साथ एक सूची भी संलग्न की गई, जिसमें दोनों विधानसभाओं के बूथवार उन नामों का विवरण दर्ज है, जिनके संबंध में प्रारूप-7 भरे जाने की जानकारी दी गई है।

समाजवादी पार्टी ने मांग की है कि फर्जी तरीके से प्रारूप-7 भरने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। साथ ही सभी बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) को निर्देशित किया जाए कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से न हटाया जाए।
धरना-प्रदर्शन के बाद सपा प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान जिलाध्यक्ष डॉ. मधुसूदन कुशवाहा, नरैनी विधानसभा अध्यक्ष मुन्ना सिंह पटेल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष महेंद्र सिंह वर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष चंद्रभान यादव, सुमन दिवाकर सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पार्टी के अनुसार कार्यक्रम में सैकड़ों समर्थकों ने भाग लिया।



