क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी कार्यालय का जिलाधिकारी ने लिया जायजा

- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार सुबह 10:25 बजे गीता नगर स्थित क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छह कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। अनुपस्थित कार्मिकों में संदीप कुमार कटियार, चंद्रशेखर गौड़, श्रुति वर्मा, नंदराम प्रजापति, विजय तथा एक अन्य कर्मचारी शामिल थे।
डॉ. रवि गुप्ता ने जिलाधिकारी को जानकारी दी कि क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. कप्तान सिंह आधिकारिक कार्य से कानपुर देहात गए हुए हैं। वहीं, चौबेपुर स्थित आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डॉ. राघवेंद्र प्रताप सिंह से जिलाधिकारी ने फोन पर बात की, जिससे स्पष्ट हुआ कि वे निरीक्षण के समय तक स्वास्थ्य केंद्र नहीं पहुंचे थे। इस पर जिलाधिकारी ने सभी छह अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।

उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर, लेकिन डॉक्टर नहीं मिले
इसके बाद जिलाधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कल्याणपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुनीता सेठ उपस्थित मिलीं। उपस्थिति पंजिका के अवलोकन में टेलीमेडिसिन डॉ. प्रकांक्षा कटियार के हस्ताक्षर दर्ज पाए गए, लेकिन वे मौके पर मौजूद नहीं थीं। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए उनका भी एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मरीजों और उनके तीमारदारों से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। मरीजों ने उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया। निरीक्षण के समय तक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 11 ओपीडी, 4 जांचें और 3 बच्चों का टीकाकरण किया जा चुका था।



