NEWS

18 फरवरी से 12 मार्च तक होंगी यूपी बोर्ड परीक्षाएं, 92,444 परीक्षार्थी होंगे शामिल

  • ज्योति सिंह

कानपुर नगर। माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश प्रयागराज द्वारा आयोजित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा वर्ष 2026 का आयोजन 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक किया जाएगा। परीक्षाओं की तैयारियों को लेकर बुधवार को एचबीटीयू विश्वविद्यालय के शताब्दी भवन में बैठक आयोजित की गई, जिसमें शासन स्तर से जारी निर्देशों के अनुपालन में व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित तिथि से पूर्व आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली जाएं। प्रश्नपत्रों के सुरक्षित भंडारण, सीसीटीवी की सतत निगरानी, प्रकाश, पेयजल, शौचालय, बैठने की पर्याप्त व्यवस्था तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि 92,444 परीक्षार्थियों के हित में परीक्षा पारदर्शी, शुचितापूर्ण और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराई जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनपद में हाईस्कूल के 46,430 और इंटरमीडिएट के 46,014 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा 124 केंद्रों पर आयोजित होगी, जिनमें 7 राजकीय माध्यमिक विद्यालय, 73 अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय और 44 वित्तविहीन मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं।

परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जनपद में 9 जोनल मजिस्ट्रेट, 16 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 124 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 124 केंद्र व्यवस्थापक और 124 बाह्य केंद्र व्यवस्थापक नियुक्त किए गए हैं।

सहायक पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) रंजीत कुमार ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित ढुलाई एवं संरक्षण तथा सचल दल की सुरक्षा हेतु सशस्त्र पुलिस बल उपलब्ध कराए जाने की जानकारी दी। किसी भी अवांछित गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही गई।

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. विवेक चतुर्वेदी ने केंद्र व्यवस्थापकों, बाह्य केंद्र व्यवस्थापकों और स्टैटिक मजिस्ट्रेट को समन्वित टीम के रूप में कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने विगत वर्षों में आई समस्याओं की समीक्षा कर उनके समाधान पर जोर दिया तथा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन कंट्रोल रूम को पूरी तरह सक्रिय रखते हुए सतत मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. संतोष कुमार राय ने शासन द्वारा निर्धारित मानकों एवं प्रावधानों की जानकारी देते हुए परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने की अपेक्षा व्यक्त की। बैठक में सभी संबंधित अधिकारी एवं प्रभारी उपस्थित रहे और अंत में जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा आभार व्यक्त किया गया।

Related Articles

Back to top button