महाशिवरात्रि पर महिला व्यापार मंडल ने आयोजित किया शिव-पार्वती विवाह उत्सव

- पूजा परिहार
झांसी। उत्तर प्रदेश उद्योग महानगर महिला व्यापार मंडल द्वारा महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भव्य शिव-पार्वती विवाह उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महानगर अध्यक्ष रजनी गुप्ता की अध्यक्षता में श्रीनाथ होटल में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में मंडल की सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान मधु अग्रवाल ने भगवान शिव और निधि नगरिया ने मां गौरी पार्वती का स्वरूप धारण कर माहौल को भक्तिमय और आकर्षक बना दिया। ढोल-ताशों के साथ निकली शिव बारात में सभी सदस्याएं शामिल हुईं। बारात के द्वार आगमन पर पार्वती स्वरूप ने पारंपरिक रीति से हल्दी-चावल अर्पित कर स्वागत किया।

कार्यक्रम संयोजिका रजनी गुप्ता ने सभी अतिथियों का हल्दी-कुमकुम लगाकर स्वागत किया। शिव-पार्वती के स्वरूपों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। खास बात यह रही कि बारात के दौरान स्विट्जरलैंड से आए कुछ अतिथि भी इसमें शामिल हुए और भारतीय संस्कृति का आनंद लिया।
रजनी गुप्ता ने ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ पर आकर्षक प्रस्तुति दी तथा सभी बारातियों को सुहाग सामग्री से सुसज्जित पोटली उपहार स्वरूप भेंट की। कार्यक्रम में ममता अग्रवाल, रश्मि महेंद्रू, रामश्री गुप्ता, आशा अग्रवाल, पल्लवी चतुर्वेदी, मीनू चावला, मंजू सहगल, वंदना अग्रवाल, अनामिका, शुभ्रा अग्रवाल, रजनी सेठ, अनीता वासुदेव, नेहा झा, कुसुम साहू, सीमा तिवारी सहित कई सदस्याएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के समापन पर सचिव निधि नगरिया ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।



