बूथ दिवस पर डीएम ने परखी जमीनी हकीकत, मतदाताओं से नाम जांचने की अपील

- प्रियंका द्विवेदी
कानपुर नगर। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत आयोजित ‘बूथ दिवस’ पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने रविवार को कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी।
डीएम ने जय नारायण विद्या मंदिर स्थित बूथ संख्या 236 से 242 तथा कंपोजिट विद्यालय, पुराना कानपुर स्थित बूथ संख्या 296 से 305 का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़ी पूरी प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से प्राप्त आवेदनों की स्थिति जानी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का निर्धारित समयसीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रकाशित आलेख्य सूची की उपलब्धता, फॉर्म-6 और फॉर्म-8 की प्रगति तथा बूथों पर मतदाताओं की उपस्थिति की जानकारी भी ली।
डीएम ने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए और अपात्र नामों को नियमानुसार हटाया जाए। उन्होंने मौके पर मौजूद मतदाताओं से संवाद कर अपील की कि वे अपना नाम सूची में अवश्य जांच लें और किसी प्रकार की त्रुटि होने पर तुरंत आवेदन करें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बूथ पर आने वाले नागरिकों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाए और पूरी प्रक्रिया सरल एवं पारदर्शी रखी जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि पुनरीक्षण अभियान लोकतंत्र की मजबूती से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं होगी।
इस दौरान ईआरओ/एसीएम-6 आलोक कुमार गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



