NEWSUttar Pradesh

डीएम से मिलने पहुंचे नन्हे मेहमान, गुलाब देकर जताई खुशी

  • ज्योति सिंह

कानपुर नगर। कलेक्ट्रेट के जनदर्शन कक्ष में शुक्रवार को भावुक और उत्साहपूर्ण दृश्य देखने को मिला, जब स्वामी विवेकानंद विद्यालय, लोधर मंधना के छात्र-छात्राएं जिलाधिकारी से मिलने पहुंचे। हाथों में गुलाब और चेहरों पर मुस्कान लिए बच्चों ने उस वादे के लिए आभार जताया, जिसे कुछ सप्ताह पहले पूरा किया गया था।

कक्षा पांच की अर्पिता, कक्षा छह के अनुराग, कक्षा तीन की दिव्या और कक्षा पांच की आरशी ने आगे बढ़कर “डीएम अंकल” को गुलाब भेंट किया। बच्चों की मासूमियत ने औपचारिक माहौल को आत्मीय बना दिया। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बच्चों से ब्लू वर्ल्ड भ्रमण के अनुभव पूछे—उन्होंने कौन-कौन से झूले झूले, भारत दर्शन देखा या नहीं और डायनासोर कैसा लगा। बच्चे भी उत्साह के साथ अपने अनुभव साझा करते नजर आए। अधिकांश विद्यार्थियों के लिए यह ब्लू वर्ल्ड की पहली यात्रा थी।

उल्लेखनीय है कि 13 दिसंबर 2025 को जिलाधिकारी विद्यालय में आयोजित विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान मेले के उद्घाटन के लिए पहुंचे थे। उसी दौरान बच्चों ने उनसे ब्लू वर्ल्ड घूमने की इच्छा जताई थी। बच्चों की यह इच्छा केवल आश्वासन बनकर नहीं रही और 13 फरवरी को विद्यालय के 120 छात्र-छात्राओं को भ्रमण पर भेजा गया।

कलेक्ट्रेट पहुंचकर बच्चों ने न सिर्फ धन्यवाद दिया, बल्कि यह भी बताया कि यह यात्रा उनके लिए बेहद यादगार रही। प्रशासनिक व्यस्तताओं के बीच यह मुलाकात खास रही, जहां फाइलों की जगह गुलाब और औपचारिकताओं की जगह बच्चों का उत्साह दिखाई दिया।

Related Articles

Back to top button