उन्नाव में अखिलेश यादव का हमला: ‘बीजेपी के खिलाफ बोलने पर झूठे मुकदमे’, साक्षी महाराज को दिया न्योता

- विशाल कुमार
उन्नाव। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्नाव दौरे के दौरान मुख्यमंत्री और भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं और अधिकारियों का दुरुपयोग किया जा रहा है।
शंकराचार्य प्रकरण का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि पुलिस द्वारा धक्का-मुक्की की जा रही है और बटुकों के साथ दुर्व्यवहार के आरोप सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में उपमुख्यमंत्री को भी माफी मांगनी पड़ी।
साक्षी महाराज को दिया साथ आने का निमंत्रण
सांसद साक्षी महाराज के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा प्रमुख ने कहा, “साक्षी महाराज, देरी क्यों कर रहे हो? यदि उन्हें लगता है कि बीजेपी में ओबीसी, पीडीए, एससी और एसटी के साथ भेदभाव हो रहा है, तो वे सरकार छोड़कर हमारे साथ आ जाएं।”
मनोज तिवारी की एक सोशल मीडिया पोस्ट पर उन्होंने कहा कि वे पुराने समाजवादी हैं और होली पर याद करने के लिए उन्हें बधाई दी।
गौ सेवा बजट पर उठाए सवाल
किसानों के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने सरकार को घेरते हुए पूछा कि गौ सेवा के नाम पर आवंटित बजट आखिर कहां जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए खुद तारबंदी करनी पड़ रही है।
बसपा विधायक उमाशंकर के यहां पड़े छापे पर उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जांच एजेंसियों को सूचना कौन देता है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विरोधियों पर दबाव बनाने के लिए छापों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
‘बीजेपी को खुश करो, छापा नहीं पड़ेगा’
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा को खुश रखने वालों पर कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने कहा कि जो लोग ज्यादा चंदा देते थे, उनके यहां भी छापे पड़े, जिससे साबित होता है कि भाजपा अपने लोगों की भी नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के साथ उनका गठबंधन ‘इंडिया एलायंस’ के तहत है और पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) की एकजुटता से सामाजिक न्याय की लड़ाई आगे बढ़ेगी।



