मुंबई में वेस्टर्न इंडिया बॉक्सिंग एसोसिएशन की वार्षिक बैठक, नए पदाधिकारियों की घोषणा

- नीलम पाठक
मुंबई। मुंबई के बोरीवली स्थित आदित्य ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के सभागार में वेस्टर्न इंडिया बॉक्सिंग एसोसिएशन की वार्षिक साधारण सभा (AGM) आयोजित की गई। बैठक में पश्चिम भारत के विभिन्न राज्यों से आए पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया तथा बॉक्सिंग के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक शुरू होने से पहले इंडियन एमेच्योर बॉक्सिंग फेडरेशन (IABF) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राकेश मिश्र का पदाधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ, तिलक और शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। साथ ही सभी अतिथियों का पारंपरिक रूप से श्रीमद्भागवत गीता भेंट कर स्वागत किया गया।
इस दौरान IABF के महासचिव राकेश ठाकरान ने वेस्टर्न इंडिया बॉक्सिंग एसोसिएशन के नए पदाधिकारियों की घोषणा की। इसके तहत विनोद मिश्रा को अध्यक्ष नियुक्त किया गया, जबकि डॉ. डी.एस. चौहान, डॉ. मदन कोथुले और डॉ. श्रेणिक कोटेचा को उपाध्यक्ष बनाया गया। वहीं विजय भिकुले को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक में पश्चिम क्षेत्र में बॉक्सिंग खेल को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाओं पर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं के आयोजन और युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान आदित्य ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के छात्र-छात्राओं से भी संवाद किया गया और उन्हें बॉक्सिंग के प्रति प्रेरित किया गया। डॉ. राकेश मिश्र ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलों में सक्रिय रहना जरूरी है। अनुशासन, नियमित अभ्यास और मेहनत से ही खिलाड़ी उच्च स्तर तक पहुंच सकते हैं।
बैठक में यह भी बताया गया कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों के चयन और प्रशिक्षण के लिए 19 से 22 मार्च 2026 तक आंध्र प्रदेश में सागी रामकृष्णम् चैंपियनशिप-2026 का आयोजन किया जाएगा, जिसमें खिलाड़ियों की चयन और प्रशिक्षण प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
इस अवसर पर डॉ. राकेश मिश्र, राकेश ठाकरान, विनोद मिश्रा, विजय भिकुले, डॉ. श्रेणिक कोटेचा, आशुतोष पांडे, डॉ. डी.एस. चौहान, रामचंद्र सालवी, डॉ. मदन कोथुले, ऋतु राणे, युवराज मेहरा, मनोहर ताथवडकर, सैमसन डी’सूजा, काव्या भट्ट और विग्नेश कौंडर सहित कई पदाधिकारी और खेल संघों से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।



