कानपुर में ‘केरला स्टोरी–2’ का विशेष प्रदर्शन, 550 लोगों ने देखी फिल्म
कानपुर। कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र के गुरुदेव पैलेस में फिल्म “केरला स्टोरी–2” का विशेष प्रदर्शन आयोजित किया गया, जिसमें करीब 550 लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं, मंडल अध्यक्षों और बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक नीलिमा कटियार ने कहा कि यह फिल्म समाज में बढ़ती कट्टरता, युवाओं को बरगलाने की साजिशों और लव जिहाद जैसे संवेदनशील मुद्दों को उजागर करने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि फिल्म के माध्यम से विशेष रूप से महिलाओं और युवतियों को जागरूक रहने तथा समाज को ऐसे षड्यंत्रों के प्रति सतर्क करने का संदेश दिया गया है।
विधायक ने कहा कि समाज में जागरूकता फैलाने वाली ऐसी फिल्में समय की आवश्यकता हैं। उन्होंने मातृशक्ति और बेटियों को समाज की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि उन्हें किसी भी प्रकार की भ्रामक साजिशों और लव जिहाद जैसे मामलों के प्रति सतर्क रहना चाहिए।
इस अवसर पर उन्होंने फिल्म के निर्माता विपुल अमृतलाल शाह और निर्देशक कामाख्या नारायण सिंह को समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाते हुए जागरूकतापरक फिल्म बनाने के लिए बधाई दी। साथ ही लोगों से अपील की कि वे स्वयं भी इस फिल्म को देखें और अधिक से अधिक लोगों को इसे देखने के लिए प्रेरित करें, ताकि समाज में जागरूकता का संदेश व्यापक रूप से फैल सके।



