होली उत्सव और महिला सम्मान समारोह में 21 महिलाओं को किया गया सम्मानित

- दिव्या पाण्डेय
कानपुर नगर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर माँ भगवती मेमोरियल चैरिटेबल सोसाइटी की ओर से 7 मार्च 2026 को गोल्डन स्टोन रेस्टोरेंट में होली उत्सव एवं महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 21 महिलाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कल्याणपुर की जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती अनुराधा अवस्थी ने दीप प्रज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज की महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने महिलाओं को शिक्षा प्राप्त करने, आत्मनिर्भर बनने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर संस्था द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाली महिलाओं और बालिकाओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। तीरंदाजी में स्वर्ण पदक विजेता पार्थवी सिंह, पैरा एथलेटिक चैंपियनशिप में भाला फेंक और डिस्क थ्रो में स्वर्ण पदक विजेता डॉ. अपूर्वा कटियार, गीता युवा शिखर सम्मेलन 2025 के माध्यम से युवाओं को भगवद्गीता का ज्ञान अपनाने के लिए प्रेरित करने वाली प्रगति अग्रवाल, महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में डॉ. पूजा श्रीवास्तव, सेवा पुरस्कार से डाइटिशियन अमृता माशिह और जनसेवा पुरस्कार से शुभम वर्मा को सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही डॉ. वार्शी सिंह, नेहा कटियार, डॉ. अर्पणा कटियार, सुनीता कन्नौजिया, नमिता कटियार, अर्चना पाल, नीलिमा सेंगर, अल्पना पाल, प्रभा पांडे, रश्मि शर्मा, रेखा वर्मा और रितिका वर्मा सहित कई महिलाओं को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान होली के अवसर पर संस्था के सदस्यों ने फूलों की होली खेलकर उत्सव का आनंद लिया। डांस और आपसी मेल-मिलाप के साथ सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम का संचालन संस्था की सचिव अनुराधा सिंह ने किया। समापन अवसर पर डॉ. वार्शी सिंह ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में संस्था के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



