किदवई नगर में लगा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, सैकड़ों लोगों ने कराई जांच

- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। किदवई नगर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड-16 परमपुरवा स्थित रतन शुक्ल इंटर कॉलेज में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्रीय लोगों के लिए रक्त जांच, बीपी, शुगर और आंखों की जांच के साथ डॉक्टरों द्वारा नि:शुल्क परामर्श की व्यवस्था की गई। बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर में पहुंचकर अपने स्वास्थ्य की जांच कराई और चिकित्सकीय सलाह प्राप्त की।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद राजाराम पाल, पूर्व जिलाध्यक्ष कानपुर महानगर पंडित ओमप्रकाश मिश्रा और पूर्व जिलाध्यक्ष कानपुर देहात वीरसेन यादव मौजूद रहे। अतिथियों ने इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों को समाज के लिए उपयोगी बताते हुए आयोजकों की सराहना की।
कार्यक्रम के आयोजक सुभाष द्विवेदी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी (किदवई नगर विधानसभा-215) ने बताया कि शिविर का उद्देश्य क्षेत्रीय जनता को नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि लोग समय रहते अपनी जांच करा सकें।
इस अवसर पर उमा कटारिया (पूर्व पार्षद प्रत्याशी), किशन यादव, अजीत, पीयूष, अतुल गुप्ता, उपेंद्र सिंह, बड़े ठाकुर, नीरज गुप्ता और राजेंद्र नेता सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। शिविर में क्षेत्रीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।



