विदेश नीति पर अखिलेश यादव का हमला, बोले– भाजपा ने देश को कमजोर किया

- अखिलेश कुमार अग्रहरि
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केन्द्र सरकार की विदेश नीति को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पहली बार देश की विदेश नीति विदेशी ताकतों के प्रभाव में तय होती नजर आ रही है।
रविवार को लखनऊ के जानकीपुरम में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने भारत की पारंपरिक ‘गुट निरपेक्ष’ विदेश नीति को छोड़कर ‘गुट सापेक्षता’ की नीति अपना ली है। इससे देश की संप्रभुता और आत्मनिर्भरता पर असर पड़ा है।
उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार हर महत्वपूर्ण फैसले में दूसरे देशों की ओर देख रही है और ऐसा लगता है जैसे फैसले बाहरी दबाव में लिए जा रहे हों। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है जैसे सरकार कोई “गिरवी गारंटी योजना” चला रही हो, जिसके तहत नीतिगत फैसले लिए जा रहे हैं।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में भारत जैसे बड़े और मजबूत देश को कमजोर करने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी आबादी और संसाधनों वाले देश को इस तरह कमजोर बनाना चिंताजनक है।
उन्होंने भाजपा पर धार्मिक मुद्दों को लेकर भी निशाना साधा। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा हर सच्ची बात और सच्चे लोगों से घबराती है। अब स्थिति यह हो गई है कि भाजपा सरकार सनातन परंपरा के प्रमुख धार्मिक गुरुओं से भी घबराने लगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने शंकराचार्य का अपमान किया है और इससे सनातन परंपरा की मर्यादा को ठेस पहुंची है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने दावा किया कि जब तक भाजपा सत्ता में रहेगी, तब तक महंगाई और जनता की परेशानियां कम नहीं होंगी।
उन्होंने कहा कि आज देश का हर वर्ग महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक दबाव से परेशान है और आने वाले समय में जनता इसका जवाब देगी।



