NEWSUttar Pradesh

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने वृंदावन के राजकीय बाल गृह (बालिका) का किया निरीक्षण

  • अनुराधा सिंह

मथुरा। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने मथुरा जनपद के वृंदावन स्थित चैतन्य विहार में संचालित राजकीय बाल गृह (बालिका) का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी पूजा गुप्ता ने बाल गृह की व्यवस्थाओं और गतिविधियों की संक्षिप्त जानकारी राज्यपाल को दी।

निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने बाल गृह परिसर का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने बालिकाओं एवं संवासिनियों के कक्ष, प्रशिक्षण केंद्र, किचन/पाकशाला, सभागार कक्ष, स्टाफ कक्ष, कार्यालय कक्ष, भोजनालय (मेस), क्रेच तथा शौचालय आदि व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर सुविधाओं की जानकारी ली।

राज्यपाल ने विभिन्न कक्षों में मौजूद बालिकाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही बाल गृह में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, स्वच्छता और मूलभूत व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

निरीक्षण के बाद राज्यपाल ने शिक्षकों, स्टाफ, प्रशिक्षकों और संचालकों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को बालिकाओं की देखभाल, शिक्षा और कौशल विकास से संबंधित व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने दो बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया। साथ ही संवासिनियों के बच्चों को बेबी किट और वस्त्र वितरित किए गए तथा संवासिनियों को गिफ्ट हैम्पर और टी-शर्ट प्रदान की गईं।

कौशल विकास के अंतर्गत दो महिला उद्यमियों अनीता सारस्वत और सीमा छापरिया को सम्मानित किया गया। इसके अलावा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तीन लाभार्थियों और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तीन लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए।

इस अवसर पर राज्यपाल ने बाल गृह परिसर में बरगद का पौधरोपण किया। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी मथुरा चंद्र प्रकाश सिंह ने राज्यपाल को स्मृति चिन्ह के रूप में श्री बांके बिहारी जी की तस्वीर भेंट की।

Related Articles

Back to top button