बर्रा में बंद मकानों में चोरी का खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार

100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पुलिस ने किया वर्कआउट, टीम को ₹25 हजार का इनाम
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। थाना बर्रा क्षेत्र में पिछले दिनों बंद घरों में हुई दो चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में विक्रम, अंकित और राज कश्यप को गिरफ्तार किया है, जो क्षेत्र में घूम-घूमकर बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण के निर्देशन तथा एडीसीपी दक्षिण के नेतृत्व में इस प्रकरण के खुलासे के लिए तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

जांच में सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्त विक्रम के खिलाफ पहले से ही 14 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि अंकित और राज कश्यप के विरुद्ध 3-3 मुकदमे पंजीकृत हैं। पुलिस के अनुसार ये सभी शातिर अपराधी क्षेत्र में सक्रिय होकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी विक्रम के खिलाफ आगे गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस मामले का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया गया है।



