विशेष अभिभावक बैठक का आयोजन कर डा. रचना ने परीक्षा पर की चर्चा

- दिव्या पाण्डेय
उन्नाव। मार्च का महीना जहां एक ओर त्योहारों और स्थानीय मेलों के कारण खास रहता है, वहीं दूसरी ओर इसी अवधि में विद्यालयों की वार्षिक परीक्षाएं भी आयोजित होती हैं। ऐसे में कई स्थानों पर बच्चों की विद्यालय में उपस्थिति प्रभावित हो रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए ब्लॉक बिछिया के प्राथमिक विद्यालय डीह-2 में विशेष अभिभावक बैठक का आयोजन किया गया।
जनपद की एसआरजी डॉ. रचना सिंह ने अपने सपोर्टिव सुपरविजन के दौरान विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि कुछ बच्चे स्थानीय मेले और त्योहारों के कारण विद्यालय नहीं आ रहे हैं। इसके बाद प्रत्येक कक्षा के अनुपस्थित छात्रों को चिन्हित कर उनके अभिभावकों से फोन के माध्यम से संपर्क किया गया और बच्चों की अनुपस्थिति का कारण जाना गया। साथ ही अभिभावकों को विद्यालय में आमंत्रित कर बैठक आयोजित की गई।
बैठक में डॉ. रचना सिंह ने अभिभावकों को बच्चों की नियमित उपस्थिति के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि बार-बार अनुपस्थित रहने से बच्चे पढ़ाई में पीछे रह जाते हैं और कक्षा में दी जा रही महत्वपूर्ण जानकारियों से वंचित हो जाते हैं। विद्यालय में विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियां और प्रोजेक्ट कार्य कराए जाते हैं, जिनका लाभ तभी मिलता है जब बच्चे नियमित रूप से विद्यालय आएं।
उन्होंने अभिभावकों को यह भी अवगत कराया कि आगामी 16 मार्च से वार्षिक परीक्षाएं शुरू होने जा रही हैं। वर्तमान में विद्यालय में शिक्षकों द्वारा पाठ्यक्रम का दोहराव कराया जा रहा है, इसलिए बच्चों की नियमित उपस्थिति अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी अभिभावकों से आग्रह किया कि बिना किसी आवश्यक कारण के बच्चों को अनुपस्थित न रहने दें और शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करें।
बैठक में उपस्थित अभिभावकों ने भी इस पहल का समर्थन किया और बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने का आश्वासन दिया। इस दौरान सरस्वती, रामदेवी, किरन, सपना, काजल, रेनू, विनोदिनी, मीरा, स्नेहलता, माधुरी, विन्धरेश्वरी सहित कई अभिभावक मौजूद रहे।



