‘पोस्टल वॉरियर अभियान’ से डाक सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने की पहल

- संगीता कठेरिया
अहमदाबाद। उत्तर गुजरात परिक्षेत्र के पोस्टमास्टर जनरल Krishna Kumar Yadav (कृष्ण कुमार यादव) ने डाक सेवाओं को अंतिम छोर तक सशक्त बनाने के उद्देश्य से ‘पोस्टल वॉरियर अभियान’ की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत क्षेत्र के सभी 1905 शाखा डाकघरों को ‘सिल्वर पोस्टल वॉरियर’ घोषित किया गया है, जबकि अहमदाबाद और पाटन डाक मंडलों ने ‘गोल्ड वॉरियर’ का दर्जा प्राप्त किया है।
पोस्टमास्टर जनरल कृष्ण कुमार यादव ने बताया कि यह अभियान सितंबर 2025 में शाखा डाकघरों से शुरू किया गया था, जिसे फरवरी 2026 में उप डाकघर और प्रधान डाकघरों तक भी विस्तारित किया गया। अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को डाक नेटवर्क से जोड़ना और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देना है।

अभियान के तहत ‘पोस्टल वॉरियर’ की चार श्रेणियां तय की गई हैं— सिल्वर, गोल्ड, डायमंड और प्लेटिनम। बचत खाते खोलने, डाक जीवन बीमा प्रीमियम, स्पीड पोस्ट व पार्सल बुकिंग तथा India Post Payments Bank (इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक) के व्यवसाय के आधार पर डाकघरों को अंक दिए जाते हैं।
उत्तर गुजरात परिक्षेत्र में कुल 2,258 डाकघर कार्यरत हैं। विभाग के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में फरवरी तक क्षेत्र ने लगभग 206 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 21 प्रतिशत अधिक है। साथ ही लाखों लोगों को बचत बैंक, बीमा, आधार और पासपोर्ट सेवाओं का लाभ भी डाकघरों के माध्यम से मिला है।



