नई दिल्ली में ‘भारत का शहरी दृष्टिकोण’ विषय पर आयोजित पैनल चर्चा में शामिल हुईं लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल

वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में शहरों की भूमिका पर रखे विचार, देशभर के विशेषज्ञों ने किया मंथन
- नेहा पाठक
नई दिल्ली। लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने नई दिल्ली के लोधी रोड स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित “भारत का शहरी दृष्टिकोण : विकसित भारत के निर्माण में शहरों की भूमिका” विषयक पैनल चर्चा में भाग लेकर वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में शहरों की महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार साझा किए।

इस महत्वपूर्ण चर्चा में वरिष्ठ पत्रकार विनोद शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार अशोक वानखेड़े, शहरी विशेषज्ञ एवं लेखक अरविंद उन्नी, आश्रय अधिकार अभियान के सह-निदेशक संजय कुमार, ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ लोकल सेल्फ गवर्नमेंट के डॉ. मुकेश कनस्कर, पीपुल्स आर्काइव ऑफ रूरल इंडिया की सह-संस्थापक शालिनी सिंह, मुरादाबाद के महापौर विनोद अग्रवाल तथा भुवनेश्वर की महापौर सुलोचना दास सहित विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
पैनल चर्चा के दौरान शहरों के सतत विकास, बेहतर शहरी प्रबंधन, समावेशी विकास और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप शहरी ढांचे को मजबूत बनाने जैसे विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि इस प्रकार के संवाद और विचार-विमर्श भारत के शहरों को भविष्य के लिए अधिक सक्षम, समावेशी और टिकाऊ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होते हैं।



