NEWSUttar Pradesh

महंगाई और गैस सिलेंडर की किल्लत के खिलाफ समाजवादी महिला सभा का प्रदर्शन

जिलाध्यक्ष सरोज यादव के नेतृत्व में धरना, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन; कालाबाजारी रोकने और दाम नियंत्रित करने की मांग

  • दिवाकर गुप्ता

अयोध्या। बढ़ती महंगाई, रसोई गैस सिलेंडर के लगातार बढ़ते दाम, आपूर्ति में कमी और कालाबाजारी के विरोध में समाजवादी महिला सभा ने जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष सरोज यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसे सिटी मजिस्ट्रेट संजीव उपाध्याय ने प्राप्त किया।

धरना-प्रदर्शन के दौरान जिलाध्यक्ष सरोज यादव ने कहा कि महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। रसोई गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ रहे हैं और कई क्षेत्रों में इसकी भारी कमी देखी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सिलेंडरों की कालाबाजारी के चलते लोग घंटों लाइन में लगने के बावजूद भी समय पर गैस नहीं प्राप्त कर पा रहे हैं।

उन्होंने सरकार से मांग की कि कालाबाजारी पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए और गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

सरोज यादव ने आगे कहा कि केवल गैस ही नहीं, बल्कि दवाइयों, खाद्य पदार्थों और किसानों से जुड़े संसाधनों के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम जनता विशेषकर महिलाओं की रसोई पर सीधा असर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा नीतियों के कारण गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्ग के लिए जीवन यापन कठिन होता जा रहा है।

इस अवसर पर समाजवादी महिला सभा की महासचिव डॉ. निषाद अख्तर, कोषाध्यक्ष पूनम यादव, उपाध्यक्ष राजकुमारी कोरी, यशोमती कोरी, कांति रावत, बीकापुर विधानसभा अध्यक्ष रीता निषाद, पूजा वर्मा, प्रदेश सचिव श्रेया पटेल, कविता, अर्चना, पूनम, जिला उपाध्यक्ष जयप्रकाश यादव, मजदूर सभा के उपाध्यक्ष महेश सोनकर, प्रदेश सचिव पवन यादव, कुणाल यादव, रत्नेश जायसवाल, राजबली यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और महिलाएं उपस्थित रहीं।

Related Articles

Back to top button